लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर शनिवार को लालपुर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों की प्रतिभा परखी जाएगी। जिला खेल कार्यालय की ओर से फिट इंडिया मूवमेंट के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
रक्षाबंधन के कारण शुक्रवार को प्रस्तावित कुछ प्रतियोगिताएं शनिवार को कराई जाएंगी। हॉकी, एथलेटिक्स, हैंडबॉल और वॉलीबॉल के मुकाबले होंगे। हॉकी में अंडर-14 वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। जूनियर बालक-बालिका वर्ग की एथलेटिक्स प्रतियोगिता होगी।
हैंडबॉल और वॉलीबॉल में बालक-बालिका वर्ग के मैत्री मैच होंगे। जिले के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उप क्रीड़ा अधिकारी मो. इरफान ने बताया कि हॉकी प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को विद्यालय के प्रधानाचार्य से प्रमाणित जन्मतिथि प्रमाणपत्र साथ लाना होगा। विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों व टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
मो. इरफान ने बताया कि 30 अगस्त को अंडर-14 वर्ग के खिलाड़ियों के बीच फुटबॉल मैत्री मैच कराया जाएगा। खेल विभाग के अनुसार, आयोजनों का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ना और उनमें खेल भावना विकसित करना है।