दुधवा टाइगर रिजर्व मुख्यालय पर चल रहा किसानों का धरना प्रदर्शन । संवाद
पलियाकलां। दुधवा टाइगर रिजर्व मुख्यालय पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले चल रहा किसानों का धरना-प्रदर्शन बुधवार को चौथे दिन भी जारी रहा।
जिला उपाध्यक्ष मनजीत सिंह और तहसील अध्यक्ष महेंद्र सिंह सिद्धू के नेतृत्व में क्षेत्र के कई गांवों के किसान जंगली जानवरों से नष्ट फसलों के मुआवजे और बंदरों व सूअरों के आतंक से निजात की मांग को लेकर धरने पर डटे हैं।
वन विभाग के वॉर्डन, पलिया रेंजर समेत अन्य अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों से वार्ता कर उन्हें समझाने की कोशिश की। किसानों ने मौखिक आश्वासन को दरकिनार कर वार्ता अस्वीकार कर दी। इसके बाद एसडीएम पुष्पक तोमर तहसील प्रशासन की टीम के साथ पहुंचे और धरना समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन किसान मांगों पर अडिग रहे।
किसान नेताओं ने कहा कि जब तक प्रशासन और वन विभाग मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाते और लिखित आदेश जारी नहीं करते, धरना-प्रदर्शन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।