लखीमपुर खीरी। हत्यारोपियों पर कार्रवाई न होने से नाराज एक परिवार पिपिया में पेट्रोल लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंच गया। धमकी दी कि अगर आज भी सुनवाई नहीं हुई तो वे लोग आत्मदाह कर लेंगे। अधिकारियों की तरफ से दिए गए कार्रवाई के आश्वासन के बाद वे लोग चले गए।
निघासन के रघुबर नगर मजरा हरसिंहपुर निवासी जमुना पुत्र तौले ने बताया कि उनके 10 वर्ष के बेटे पप्पू की जमीन की रंजिश में तीन जुलाई की हत्या कर दी गई थी। उसका शव पेड़ से लटका मिला था। पोस्टमॉर्टम के बाद शव का दाह संस्कार रोक दिया था, तब एसडीएम और कोतवाल ने आरोपियों पर कार्रवाई सहित अन्य मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने बताया कि कुछ आरोपियों पर कार्रवाई हुई, लेकिन बाकी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं।
पीड़ित ने कहा कि गाटा संख्या 213, 193 से अवैध कब्जा हटाकर शिक्षा विभाग को देने के लिए कहा गया था, ताकि वहां स्कूल बन सके। मांग की गई कि गाटा संख्या 246 हरसिंहपुर जमालू के खेत की सही ढंग से पैमाइश की जाए। चकरोड से नाप कर उसका रकबा पूरा कराया जाए। आबादी की जमीन से अवैध कब्जा हटाया जाए। हत्या के मामले में मेराज अली व रियाज अली, तिराज व इनके छोटे भाई पर भी कार्रवाई हो।
बताया कि नाले के सामने अतिक्रमण के कच्चे व पक्के मकानों को हटाकर नाले की सफाई कराने, आरोपियों की चल-अचल संपत्ति कुर्क करने, लेखपाल विद्योत्मा के खिलाफ कार्रवाई करने सहित उनकी कई मांगें हैं, जिस पर सुनवाई नहीं हो रही है। शिकायत में कहा कि वह लोग हरिजन समाज से हैं, उनको प्रताड़ित किया जा रहा है। आरोप है कि आरोपी पक्ष उनके परिवार पर पत्थरबाजी भी करते हैं।
-
जितना संभव है, पीड़ित पक्ष की उतनी मदद की जा रही है। गाटा संख्या 213 से अवैध कब्जा हटाया जा चुका है। गाटा संख्या 193 की जमीन शिक्षा विभाग की है, जिस पर आरोपी पक्ष के पेड़ लगे हैं। शिक्षा विभाग की रिपोर्ट आ चुकी है कि कोई निर्माण होगा तो पेड़ों को काटकर कराया जाएगा।
राजीव निगम, एसडीएम निघासन