गौरीफंटा में ब्राउन शुगर संग पकड़े गए अभियुक्त। स्रोत : पुलिस
गौरीफंटा। एसएसबी व गौरीफंटा पुलिस ने रविवार देर शाम संयुक्त चेकिंग के दौरान गौरीफंटा मार्ग के डिगनिया तिराहे से दो नेपाली युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों युवकों का एनडीपीएस एक्ट के तहत चालान किया है।
सहायक कमांडेंट विश्नदास गुप्ता ने बताया कि रविवार शाम कोतवाली गौरीफंटा के एसआई समेत गौरीफंटा एसएसबी जवान बॉर्डर पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान पलिया से आ रहे दो युवकों को शक होने पर उनकी रोककर तलाशी ली गई तो दोनों के पास से पाॅलिथीन में लिपटी हुई तीन ग्राम 51 मिलीग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पकड़े गए युवकों को एसएसबी कार्यालय लाया गया और यहां उनसे पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपना नाम आशीष चौधरी व राजू चौधरी निवासी धनगढ़ी उपमहानगर पालिका के उर्मा गांव का होना बताया। सोमवार की सुबह गौरीफंटा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों का चालान किया है।