महेवागंज। आरोपियों की गिरफ्तारी और बुलडोजर की कार्रवाई के आश्वासन पर करीब 28 घंटे बाद परिजन ने सैधरी निवासी अमित भार्गव के शव का अंतिम संस्कार किया। इससे पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
शनिवार सुबह उल्ल नदी पुल के पास बसी झुग्गी बस्ती में दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। इसमें दोनों पक्ष के पांच लोग घायल हो गए थे। आरोप है कि पुल के नजदीक टहलने गए नितिन भार्गव को झुग्गी बस्ती में रहने वाले जमशेद और उनके परिवार ने मारा पीटा था। भाई को बचाने के दौरान अमित पर भी आरोपियों लाठी-डंडे, भाले और धारदार हथियार से हमला कर दिया था।
जिला अस्पताल से दूसरे दिन लखनऊ रेफर के दौरान बीच रास्ते अमित की मौत हो गई थी। इससे आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने रविवार को सैधरी गोला-बाइपास मार्ग जाम कर दिया था। कार्रवाई का आश्वासन देकर पुलिस ने जाम खुलवाया था।
पोस्टमाॅर्टम बाद शाम को शव घर पहुंचा था। शव देख फिर गुस्सा भड़क गया। आरोपियों की गिरफ्तारी, पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट निरस्त करने और बुलडोजर कार्रवाई की मांग कर परिजन ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। सूचना पर एडिशनल एसपी पवन गौतम, सीओ आरके तिवारी कोतवाल हेमंत रॉय मौके पर पहुंचे। रात भर मान मनौवल का दौर चला, परिजन टस से मस नहीं हुए। हालांकि सोमवार की दोपहर बाद परिजन माने और शव का अंतिम संस्कार कराया।
वायरल वीडियो देख फिर भड़का गुस्सा
सोमवार को मामले ने और तूल पकड़ा। बताते हैं कि मारपीट के दौरान कुछ लोग लाठी और भाली से युवक को मारते दिखे। इस पर मामले ने तूल पकड़ा। हिंदू संगठन से जुड़े लोग मृतक के घर वालों के पक्ष में उतरे। चक्का जाम करने की फिर कोशिश की गई, पुलिस समझाती रही। एसडीएम और सदर विधायक योगेश वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजन के आंसू पोछे। पुलिस प्रशासन से आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई को कहा।
बोले विधायक-प्रशासन दो दिन में अवैध बस्ती हटाए
सैधरी में बवाल को सुलझाने पहुंचे सदर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि पुराने टूटे उल्ल नदी पुल के नजदीक बसी बस्ती में अवैध अतिक्रमण है। उन्होंने अवैध गतिविधियों सहित कई गंभीर आरोप लगाए। प्रशासन से जल्द चिन्हांकन और सत्यापन कर दो दिन में अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की। चेतावनी दी कि प्रशासन ने हीलाहवाली की तो वह खुद कार्यकर्ताओं समेत सड़क पर उतरेंगे।
वर्जन-
आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। परिजन ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। मामला अब शांत है। अगर माहौल बिगाड़ने की कोशिश हुई तो पुलिस सख्ती से निपटेगी।
रमेश तिवारी, सीओ सदर
सैधरी गांव में मौजूद एसडीएम अश्वनी सिंह, सीओ रमेश तिवारीऔर विधायक योगेश वर्मा। संवाद