कलक्ट्रेट में 24 मेधावियों के लिए हुआ सम्मान समारोह
इंटरमीडिएट के जिला टॉपर को एक लाख और अन्य को मिले 21 हजार रुपये
लखीमपुर खीरी। योगी सरकार ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा 2020 में उत्तीर्ण करने वाले मेधावियों को टैबलेट एवं नकद धनराशि की सौगात दी है। इसके लिए सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में हाईस्कूल के 13 और इंटरमीडिएट के 11 मेधावियों सहित कुल 24 छात्र-छात्राएं सम्मानित हुए। प्रदेश में आठवीं रैंक लाने वाले छात्र अंकुश राठौर को एक लाख का चेक और टैबलेट देकर सम्मानित किया गया।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने मेधावियों को सम्मानित कर उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रोत्साहन राशि एवं टैबलेट का लक्ष्य प्राप्ति में उपयोग करें। डीएम ने छात्र छात्राओं को निर्धारित लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निष्ठा और लगन से मंजिल पाने तक निरंतर प्रयास जारी रखें। जीवन की गलतियों से सीखने की आदत डालें। उन्होंने मेधावियों को विधानसभा चुनाव में शत प्रतिशत मतदान करने और इसके लिए दूसरों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित करने को कहा। मेधावियों को धनराशि उनके खातों में भेजी गई है।
सदर विधायक योगेश वर्मा, खीरी सांसद प्रतिनिधि अरविंद सिंह सहित डीआईओएस ओपी त्रिपाठी, वित्त एवं लेखा अधिकारी माध्यमिक रविकांत, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी सर्व शिक्षा अभियान जीएस पांडेय, प्रधानाचार्य शिप्रा बाजपेयी सहित मेधावियों के अभिभावक मौजूद रहे।
यह मेधावी हुए सम्मानित
इंटरमीडिएट में यूपी में आठवीं रैंक लाने वाले जिला टॉपर छात्र अंकुश राठौर को एक लाख का चेक और टैबलेट दिया गया। हाईस्कूल की मेधावी अदिति तायल, दिव्यांशु त्रिपाठी, सत्येंद्र कुमार वर्मा, प्रज्ञान वर्मा, स्वेच्छा मिश्रा, अर्पित पटेल, अटल मिश्रा, पलक सिंह, नैंसी वर्मा, हर्षिता विश्वकर्मा, शुभम शुक्ला, अभिषेक सिंह, शीतल राज। वहीं इंटरमीडिएट की मेधावी श्रुति वर्मा, दुर्गा बक्स सिंह, सचिन कुमार, फैसल मोहम्मद अंसारी, श्वेतांक यादव, दिशा वर्मा, कविता मिश्रा, सौम्या वर्मा, विश्वास रंजन व दीपांकिनी राय को 21 हजार की प्रोत्साहन राशि और टैबलेट मिला।