लखीमपुर खीरी। ई-लॉटरी के माध्यम से किसानों को कृषि यंत्र आवंटन होने थे, लेकिन विभागीय पोर्टल पूरे दिन नहीं चला। अधिकारी व कर्मचारी खाली बैठे रहे। वहीं, चार घंटे इंतजार के बाद किसान लौट गए।
सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के तहत 25 व इन-सीटू योजना के तहत 10 कृषि यंत्रों का वितरण ई-लॉटरी से होना है। मैकेनाइजेशन योजना के 25 यंत्रों के लिए 345 व इन-सीटू योजना के 10 यंत्रों के लिए 48 किसानों ने आवेदन किए हैं। विकास भवन सभागार में पूर्वाह्न 11 बजे सीडीओ की अध्यक्षता में ई-लॉटरी से किसानों को कृषि यंत्र आवंटित होने थे। एक दिन पहले ही विभाग ने तैयारी करने के साथ ही किसानों को समय पर पहुंचने की अपील की थी।
विकास भवन सभागार में सभी समय पर पहुंच गए, लेकिन पोर्टल चालू नहीं हो सका। अफसरों ने उच्च अधिकारियों से बात की तो चला कि पोर्टल में तकनीकी खामी है। ठीक किया जा रहा है। धीरे-धीरे चार घंटे से अधिक समय बीत गया, लेकिन पोर्टल चालू नहीं हो सका। पूर्वाह्न 11 बजे से बैठे-बैठे सभी ने अपराह्न साढ़े तीन बजे तक इंतजार किया, इसके बाद सभी लौट गए।
कृषि यंत्र- लक्ष्य आवेदन
कस्टम हायरिंग सेंटर- 13- 305
सुपर केन पावर वीडर- 02- 05
ट्रैक्टर माउंट स्प्रेयर- 01- 03
पावर ऑपरेटेड- 03- 08
कल्टीवेटर- 01- 02
रोटावेटर- 03- 18
मिनी राइस मिल- 01- 02
मल्टी क्राॅप थ्रेसर- 01- 02
सुपर सीडर- 04- 48
बेलिंग मशीन- 01- 02
ई-लॉटरी के माध्यम से किसानों को कृषि यंत्रों का आवंटन करना था, लेकिन तकनीकी दिक्कत होने से पोर्टल नहीं चल सका। यह समस्या ऊपर से ही थी। इसके लिए अब अगली तिथि तय की जाएगी।
-गिरीश चंद्र, उप कृषि निदेशक