बोलेरो से उतारे जा रहे बच्चे। स्रोत: विभाग
लखीमपुर खीरी। परिवहन विभाग की चेकिंग के दौरान मोहम्मदी क्षेत्र में स्कूल बस का चालक प्रवर्तन अधिकारी को देखते ही बस सड़क पर छोड़कर भाग गया। नंबर के आधार पर जांच में बस बिना वैध परमिट संचालित मिली। चालक के भाग जाने पर प्रवर्तन अधिकारी बस को अपने वाहन से रस्सी से बांधकर मोहम्मदी पुलिस के हवाले कर गए। बस को सीज कर दिया गया।
प्रवर्तन अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र ने बताया कि स्कूल वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार दोपहर मोहम्मदी क्षेत्र में पीबी इंटर कॉलेज के पास एक बस को रोककर चालक से दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह मौका पाकर फरार हो गया। जांच में बस बिना वैध परमिट संचालित मिली। इसके बाद बस को पीछे बांधकर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इसके अलावा स्कूली बच्चों से भरी एक बोलेरो को भी सीज किया गया। मोहम्मदी क्षेत्र में बुधवार को 12 स्कूली वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि बिना परमिट और नियमों का उल्लंघन कर संचालित वाहनों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। ऐसे वाहनों को सड़क पर चलने नहीं दिया जाएगा।