गोशाला में गाय को फल खिलाते हुए जिला जज शिव कुमार सिंह। स्रोत : सूचना विभाग
लखीमपुर खीरी। नवागत जिला जज शिव कुमार सिंह पदभार ग्रहण करने के बाद मंगलवार को पहली बार जिला कारागार का निरीक्षण करने पहुंचे। महिला बैरक में निरुद्ध 37 बंदियों से उनके मुकदमों की जानकारी ली।
महिला बंदियों के साथ उनके तीन बच्चों को बिस्कुट दिए। महिला बंदियों से उनके मुकदमों की पैरवीं के लिए सरकारी वकील दिए जाने के बावत जानकारी ली। जेल की गोशाला में गोवंशीय पशुओं को फल खिलाए। अस्पताल में निरुद्ध 11 बंदियों के इलाज के बारे में डॉ. दीपान्तर रावत से जानकारी हासिल की। बंदियों के लिए बनाए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता देखी। बच्चा बैरक में निरुद्ध बंदियों से उनके मुकदमों व आयु के बारे पूछा।
इस दौरान विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एडीजे वीरेंद्र नाथ पांडेय ने बंदियों को प्राधिकरण के माध्यम से मिलने वाली सहूलियतों को मुहैय्या कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीजेएम प्रमोद यादव, जेल अधिवक्ता मो. सईद खान, जेल अधीक्षक पीडी स्लैनिया, जेलर डीके वर्मा, डिप्टी जेलर डीपीएस राठौर आदि मौजूद रहे।