परीक्षा छूटने के बाद लखीमपुर रेलवे स्टेशन पर लोगों की भीड़। संवाद
लखीमपुर खीरी। जिले के 15 केंद्रों पर रविवार को आयोजित प्रवक्ता मुख्य परीक्षा के बाद शहर में कई स्थानों पर जाम लग गया। रेलवे स्टेशन, संकटा देवी चौराहा और रोडवेज क्षेत्र में अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ने से राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक चली। परीक्षा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी घर लौटने के लिए रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पहुंचे। सबसे अधिक भीड़ रेलवे स्टेशन पर रही। दोपहर करीब एक बजे लखनऊ जाने वाली ट्रेन पहुंचते ही उसमें चढ़ने के लिए अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। ट्रेन में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई, जिससे आम यात्रियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लखीमपुर में सीतापुर, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर, हरदोई, शाहजहांपुर और पीलीभीत समेत कई जिलों से अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे। परीक्षा के बाद अचानक बढ़ी भीड़ के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। वहीं रोडवेज बसों में अपेक्षाकृत कम भीड़ दिखाई दी।
परीक्षा छूटने के बाद लखीमपुर रेलवे स्टेशन पर लोगों की भीड़। संवाद