रामियाबेहड़। निघासन क्षेत्र की ग्राम पंचायत लुधौरी के खेल मैदान में आयोजित डायमंड क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को गोविंदपुर और अकुल इलेवन के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गोविंदपुर ने निर्धारित 20 ओवर में 213 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से दिलशाद ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 98 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अकुल इलेवन की शुरुआत खराब रही। गोविंदपुर के गेंदबाजों के सामने उसके बल्लेबाज टिक नहीं सके और पूरी टीम 120 रन पर सिमट गई। गोविंदपुर ने मुकाबला 93 रन से जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।
दिलशाद ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में चार विकेट लिए। उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट में अटल को बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार दिया गया।
हसन क्रिकेट क्लब, गोला इंडियन और भसीन स्वीट्स विजयी
गोला गोकर्णनाथ। स्वर्गीय राजेंद्र गिरि स्टेडियम में आयोजित 19वें गोला कप डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार रात हसन क्रिकेट क्लब, गोला इंडियन और भसीन स्वीट्स की टीमों ने जीत दर्ज की। पहले मैच में हसन क्लब ने शैलू इलेवन को 25 रन से हराया। दूसरे मुकाबले में गोला इंडियन ने लखीमपुर इलेवन को चार विकेट से पराजित किया। तीसरे मैच में भसीन स्वीट्स ने खालसा इलेवन पीलीभीत को चार विकेट से हराया। बेहतर प्रदर्शन के लिए शानू, वरुण और मनोज को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार दिया गया। टूर्नामेंट कमेटी के अध्यक्ष जनार्दन गिरि, उपाध्यक्ष मधुसूदन गिरि, मंत्री केके शुक्ला समेत अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद
अवस्थी इलेवन फाइनल में, चंदन इलेवन और एसटी स्पोर्ट भी जीते
धौरहरा/लखीमपुर। अवस्थीपुरवा प्रीमियर लीग (एपीएल) में अवस्थी इलेवन ने सेख-इलेवन को 20 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। बजरंगबली शुगर स्टेडियम में खेले गए मैच में अवस्थी इलेवन ने 123 रन बनाए, जबकि सेख-इलेवन 103 रन ही बना सकी। हसीब को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
उधर, निघासन नाइट प्रीमियर लीग में चंदन इलेवन ने विशेष इलेवन को 40 रन से हराया। सचिन मैन ऑफ द मैच रहे। दूसरे मुकाबले में एसटी स्पोर्ट परसपुर ने हाशमी इलेवन को छह विकेट से पराजित किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनोद लोधी और व्यापारी दिग्विजय गुप्ता ने किया। संवाद
भानपुर वारियर्स ने इटकुटी को 30 रन से हराया
बिजुआ। बस्तौली नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-तीन में भानपुर वारियर्स ने इटकुटी को 30 रन से हरा दिया। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भानपुर वारियर्स ने 10 ओवर में 83 रन बनाए। जवाब में इटकुटी की टीम 10 ओवर में 53 रन ही बना सकी। भानपुर की जीत में ऑलराउंडर राजा ने 13 रन बनाने के साथ दो विकेट भी लिए। उनके शानदार प्रदर्शन पर उन्हें मैन ऑफ द मैच पुरस्कार दिया गया। संवाद