लखीमपुर खीरी। शहर के प्रमुख पार्कों की लंबे समय से चली आ रही बदहाली अब दूर होने जा रही है। टूटे झूले, खराब लाइटें, क्षतिग्रस्त सोलर प्लेट और जर्जर बेंचों के कारण लोग पार्कों में जाने से कतराने लगे थे।
खासकर ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित शहीद भगत सिंह पार्क और कचहरी रोड का गांधी पार्क काफी खराब स्थिति में पहुंच चुके थे। शहीद भगत सिंह पार्क में तो एक भी झूला उपयोग के लायक नहीं बचा था। अब नगर पालिका ने करीब 24 लाख रुपये की लागत से शहर के पार्कों के सुंदरीकरण और मरम्मत का कार्य शुरू कराया है। योजना के तहत टूटे झूलों की जगह नए झूले लगाए जा रहे हैं। इंटरलॉकिंग, बेंचों की मरम्मत, नई बेंचों की स्थापना, पुताई और पौधरोपण का काम भी कराया जा रहा है।
नगर पालिका का लक्ष्य है कि स्कूलों की छुट्टियों से पहले सभी पार्कों को दुरुस्त कर दिया जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर खेल परिसर मिल सके। शहर में करीब एक दर्जन पार्क हैं, जिनमें अधिकांश का काम पूरा हो चुका है, जबकि 3-4 पार्कों में अभी मरम्मत कार्य जारी है।
शहर के प्रमुख पार्क
बुद्धा पार्क (आवास विकास कॉलोनी)
गांधी पार्क (कचहरी मार्ग)
सुभाष पार्क (संकटा देवी)
लाल बहादुर शास्त्री पार्क (गोला रोड)
शास्त्री नगर पार्क
संकटा प्रसाद बाजपेई ईदगाह पार्क
शहीद भगत सिंह पार्क (ऑफिसर्स कॉलोनी)
शहीद पार्क (आवास विकास कॉलोनी)
श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क (आवास विकास कॉलोनी)
पंडित दीनदयाल पार्क (आवास विकास कॉलोनी)
अटल पार्क (आवास विकास कॉलोनी)
शहर के सभी पार्कों में मरम्मत और सुंदरीकरण का काम कराया जा रहा है। इंटरलॉकिंग, लाइटें, नए झूले और बेंच लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। बच्चों की छुट्टियों तक सभी पार्क आकर्षक नजर आने लगेंगे।
-डॉ. इरा श्रीवास्तव, पालिका अध्यक्ष
पार्क की दीवारों पर चल रहा पुट्टी और पुताई का कार्य। संवाद