लखीमपुर खीरी। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला शतरंज एसोसिएशन की ओर से चेस एकेडमी परिसर में एक दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ शतरंज प्रेमी धर्मेंद्र सिंह तोमर और संस्था के अध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा ने शतरंज की बिसात पर पहली चाल चलकर किया।
सचिव मंजीत सिंह ने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी दी। प्रतियोगिता पांच राउंड के स्विस सिस्टम पर खेली गई, इसमें जिले के लगभग 40 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
ओपन वर्ग में शुभ पूरी ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि सक्षम मिश्रा दूसरे, अविरल वर्मा तीसरे, हार्दिक गुप्ता चौथे और शिवांग वर्मा पांचवें स्थान पर रहे। अंडर-9 वर्ग में सनातन दीपक ने बाजी मारी। वहीं, मोहम्मद आरिज रहमान को सबसे कम आयु का खिलाड़ी होने पर विशेष पुरस्कार मिला। निर्णायक के रूप में मंजीत सिंह व नाज़िम अली अंसारी ने जिम्मेदारी निभाई। सभी विजेताओं को गिफ्ट, मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार के रूप में मेडल और सर्टिफिकेट दिए गए।
सचिव मंजीत सिंह ने बताया कि जिले में शतरंज को बढ़ावा देने के लिए ऐसी प्रतियोगिताएं हर महीने आयोजित की जाएंगी, इससे खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और प्रतिस्पर्धा का अवसर मिल सकेगा।