नवरात्र के तीसरे दिन भक्तों ने की मां कूष्मांडा की अराधना
जिले भर में इन दिनों नवरात्र की धूम है। देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। नवरात्र के तीसरे दिन रविवार को भक्तों ने मां कूष्मांडा की श्रद्घा और भक्ति के साथ पूजा अर्चना की। सुबह से ही मंदिरों में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ रही। प्राचीन संकटादेवी मंदिर में दिन भर मेला जैसा दृश्य नजर आया।
शहर के प्राचीनतम संकटा देवी मंदिर में सुबह चार बजे ही भक्तों के लिए कपाट खोल दिए गए थे। सुबह से लगी लाइन दोपहर में कुछ देरे के लिए खत्म हुई तो शाम चार बजे से फिर लंबी-लंबी कतारें लग गईं। श्रद्घालुओं ने नारियल, पुष्प, धूप दीप, मिष्ठान, आदि से मां संकटादेवी की पूजा अर्चना की। बता दें, मां संकटा देवी मां महालक्ष्मी के स्वरूप के रूप में पूजित है।
शहर के दूसरे प्राचीन शीतला देवी मंदिर में भी दिन भर दर्शनार्थियों की भीड़ लगी रही। यहां भक्तों ने पूजा अर्चना के साथ तंत्र साधना भी की। यहां दिन भर धार्मिक आयोजनों की धूम रही। शाम को भजन संध्या में सैकड़ों लोगों ने मां का गुणगान किया। वंकटादेवी मंदिर, भुइंया माता मंदिर और शहर के दूसरे देवी मंदिरों में धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी रहा।