ओयल। कस्बे में पुलिस चौकी के निकट सोमवार की शाम फोरलेन पर एक कार बिजली के खंभे से टकराने के बाद दुकान में घुस गई। इससे कार में सवार एक कांस्टेबल सहित तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया वहां से तीनों को लखनऊ रेफर कर दिया गया।
सोमवार की रात करीब नौ बजे कांस्टेबल आशीष प्रजापति अपने दो मित्र अमित वर्मा व अकील के साथ कार से लखीमपुर से ओयल आ रहे थे। उनकी कार ओयल चौकी से पहले तीव्र मोड़ पर अनियंत्रित होकर किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार खंभे को तोड़ते हुए पास ही बनी दुकान में जा घुसी। खंभा टूटकर कार के ऊपर ही गिर गया।
गनीमत रही कि विद्युत आपूर्ति तुरंत कट गई, नहीं तो बड़ा हादसा संभव था। पुलिस ने विद्युत तारों को हटाकर कार के शीशे तोड़कर तीनों को बाहर निकला। सभी घायलों को जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया।