बांकेगंज। छह माह के अपने नाती को गोद में लेकर परिवार से बिछड़ी नानी और छह माह के बच्चे को पुलिस ने बरामद कर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। करीब चार घंटे तक बिछड़े रहे बच्चे को गोद में पाकर मां की आंखों के आंसू काफी देर बाद थम सके।
सीतापुर जिले के थाना पिसावां क्षेत्र के नादन गांव निवासी आरती अपनी मां और परिजनों के साथ सोमवार को छह माह के पुत्र का मुंडन संस्कार कराने गोला के प्राचीन शिव मंदिर में आई थी। इस बीच मानसिक रूप से अस्वस्थ आरती की मां धेवते को गोद में लेकर परिवार से बिछड़ गई। वह गोला-बांकेगंज रेल ट्रैक से होते हुए महरताला रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचीं और धेवते को ट्रैक पर ही छोड़ दिया।
रेल ट्रैक पर पड़े बच्चे को देख ग्रामीणों और रेल कर्मियों ने सूचना थाना मैलानी की बांकेगंज पुलिस चौकी पर दी। उधर, परिजनों ने इसकी सूचना थाना गोला पुलिस को दी। सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस ने चार घंटे के अंदर बच्चे और उसकी नानी को महरताला रेलवे क्रॉसिंग से बरामद कर लिया। थाना गोला के क्राइम इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार पांडेय ने बताया कि गुमशुदा बच्चा और उसकी नानी को आरती देवी के सुपुर्द कर दिया गया है।