मोहम्मदी (लखीमपुर खीरी)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किशोरी को को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में दबंगों ने घर में घुस कर किशोरी के बाबा और भाई को पीट कर लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने इस मामले में किशोरी के पिता की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है।
एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 17 मई को उसकी पुत्री को गांव के ही जंगबहादुर का लड़का बहला फुसला कर भगा ले गया था। जिसकी शिकायत उसने पुलिस से की थी लेकिन पुलिस ने इस मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए। बुधवार को शैलेंद्र, जंगबहादुर, देवेंद्र, रामसागर, सत्यपाल, फकीरे ने एक राय होकर रात में घर में घुस कर उसके पिता और पुत्र को पीटकर जख्मी कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। उधर, पीड़ित ने बताया कि उसकी पुत्री का अब तक पता नहीं चल सका है।
जान से मार डालने की धमकी की रिपोर्ट
ममरी। हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम शहाबुददीनपुर निवासी मुनीश शुक्ला ने गांव के ही चार लोगों सुबोध कुमार, हर्षित, सौरभ, मंजेश के खिलाफ रास्ते में घात लगाकर जान से मार डालने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसओ को दी तहरीर में मुनीश शुक्ला का कहना है कि उनकी इन्हीं लोगों से रंजिश चल रही है, जो कई बार पहले भी जान से मारने की योजना बना चुके हैं। जिनसे उसे जानमाल का खतरा बना है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
इधर गांव तिलोकपुर निवासी एक महिला ने वीरबहादुर, राजेंद्र प्रसाद के खिलाफ नशे में धुत होकर अश्लील हरकतें और मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने महिला को सीएचसी गोला भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानलेवा हमले में रिपोर्ट दर्ज
मोहम्मदी। कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर राजा निवासी रमेश ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसका दामाद शोभित निवासी राजापुर बुधवार शाम छह बजे करीब गन्ने की गुड़ाई कर रहा था। तभी गांव केहुआ निवासी शिवप्रताप सिंह उर्फ छोटे सिंह ने शोभित पर जानलेवा हमला करने के उद्देश्य से तमंचे से फायर किया, जो मिस हो गया। जिस पर उसने अपनी गोट से चाकू निकाल कर ताबड़ तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने जख्मी को सीएचसी में भर्ती कराया और नामजद आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना एसआई कृपेंद्र को सौंपी है। संवाद