पसगवां। ग्राम महदूदा में चार दिन पहले खेत में सिंचाई करने गए सुदीप चौहान (35) की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में उनकी पत्नी वर्षा सिंह ने बुधवार को पुलिस को तहरीर देकर गांव के दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया है।
वर्षा सिंह ने तहरीर में बताया कि 27 जून सुबह करीब आठ बजे गांव के दो लोग सुदीप चौहान को अपने साथ बुलाकर ले गए थे। दोपहर करीब तीन बजे वह खेत में मृत मिले। वर्षा का आरोप है कि दोनों ने शराब पीने को लेकर सुदीप से विवाद किया और उनके साथ मारपीट की। उनका कहना है कि यह जानकारी उन्हें कुछ लोगों ने दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सुदीप का मोबाइल भी छीन लिया गया था, जिसे एक आरोपी मौत की सूचना से पहले उनके घर देकर गया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्यास लगने पर सुदीप को पानी तक नहीं पीने दिया गया।
मौत के दूसरे दिन पुलिस ने आशंका के आधार पर शव का पोस्टमाॅर्टम कराया था, लेकिन रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। तहरीर में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। जांच में जो भी दोषी मिलेगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
सुदीप चौहान। फाइल फोटो