बांकेगंज। खीरी ब्रांच की बड़ी नहर के गहरे पानी में डूबे अन्नापुर गांव निवासी पंकज का शव तीसरे दिन बुधवार को सुबह सात बजे नहर में उतराता मिला। एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी के गोताखोरों ने शव को पानी से बाहर निकाला।
थाना मैलानी क्षेत्र के बांकेगंज पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत ग्रंट नंबर 11 के अन्नापुर गांव निवासी 35 वर्षीय पंकज सोमवार दोपहर तैरकर नहर पार करते समय अचानक गहरे पानी में डूब गया था। युवक के पानी में डूबने की सूचना पर गोला तहसील प्रशासन ने एसडीआरएफ, बरेली और फ्लड पीएसी, सीतापुर के 22 गोताखोरों को बुलाकर दो दिन तक रबर बोट के जरिये पानी के अंदर तलाश कराई, लेकिन पंकज का कोई सुराग नहीं लग सका।
तीसरे दिन बुधवार को सुबह सात बजे गोताखोरों को घटनास्थल से कुछ दूरी पर पंकज का शव पानी में उतराता दिखाई पड़ने पर उसे बाहर निकाला गया। शव को देखते ही उसकी पत्नी और बच्चे दहाड़े मारकर रोने लगे। मैलानी थानाध्यक्ष निराला तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया गया है।
मोहाना नदी में डूबने से बुजुर्ग की मौत
लखीमपुर खीरी। चंदन चौकी थाना क्षेत्र निवासी एक बुजुर्ग की नदी में डूबने से मौत हो गई। बुजुुर्ग मवेशियों को चराने के लिए गए थे। ग्रामीणों ने इस बात की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है।
गांव बैदानपुरवा निवासी बुजुर्ग गरजू प्रसाद मवेशी चराने गए थे। वह किसी तरह मोहाना नदी के गहरे पानी में डूब गए। इस बात की किसी को भनक तक नहीं लगी। गांव से करीब एक किलोमीटर दूर नदी के किनारे शव उतराता दिखा तो खेतों में काम रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। संवाद