महेवागंज। कोतवाली सदर के गांव मैनहा में एक महिला का मंगलवार देर रात गन्ने के खेत में शव मिला। उसके गले और चेहरे पर खरोंच व जख्म के निशान मिले। परिजनों ने हिंसक पशु के हमले में मौत की आशंका जताई है।
गांव निवासी गौरीशंकर ने बताया कि पत्नी पार्वती (55) मंगलवार दोपहर मवेशियों के लिए चारा लेने गन्ने के खेत की ओर गई थीं। शाम तक घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से तलाश शुरू की। देर रात गांव से करीब एक किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में उनका शव अस्तव्यस्त हालत में मिला। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों ने चेहरे व गले पर खरोंच और जख्म देखकर जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई। रेंजर अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि मौके पर किसी जंगली जानवर के पगचिह्न नहीं मिले हैं। चेहरे व गले के जख्म भी हिंसक जानवर के हमले जैसे नहीं लग रहे हैं।
सीओ सिटी विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि परिजन वन्यजीव के हमले में मौत की बात बता रहे हैं। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट होगी। संवाद