पलिया में टेक्नीशियन से हुई लूट का मामला
पलिया थाना क्षेत्र में जीटीएल कंपनी के टेक्नीशियन मुमताज अली से चार मार्च को घायल कर हुई लूट का पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। जबकि बदमाशों की बाइक उसी दिन घटनास्थल पर ही छूट गई थी, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया था। बरामद बाइक से बदमाशों के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं, लेकिन पुलिस मामले को नजरअंदाज किए है।
बता दें कि उमरिया गांव निवासी टेक्नीशियन मुमताज अली चार मार्च 2016 की देरशाम करीब साढ़े आठ बजे पटिहन स्थित टावर पर कार्य निपटाकर वापस पलिया लौट रहा था। रास्ते में घात लगाए दो बाइक सवार छह बदमाशों ने उसे रोक लिया और नाम पता पूछने के बाद जानलेवा हमला कर घायल कर दिया था। फिर उसकी जेब से 12 हजार रुपये और जरूरी कागजात लूट लिए थे। इस दौरान उसके साथ मौजूद मिस्त्री ने शोर मचा दिया, जिससे ग्रामीण और फायर ब्रिगेड कर्मी मौके पर आए गए। इससे घबराकर बदमाश एक बाइक स्टार्ट कर भाग निकले, जबकि दूसरी बाइक स्टार्ट न होने पर उसे वहीं छोड़ गए थे। इसके बाद पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करतेे हुए बाइक बरामद कर ली थी। परिवहन विभाग की एसएमएस सेवा से पता चला हैै कि बाइक अतरिया गांव निवासी शीर बानो के नाम पर पंजीकृत है। टेक्नीशियन संगठन ने इस मामले में पुलिस की सुस्त कार्रवाई पर रोष जताते हुए शीघ्र खुलासे की मांग की है। उधर, एसओ पलिया केपी सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जल्द ही इस दोषियों को चिन्हित कर खुलासा कर दिया जाएगा।