मैगलगंज खीरी। मैगलगंज-औरंगाबाद मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला की सोने की चेन निकाली ली और भाग गए।
शाहजहांपुर जिले की निवासी अनिल दीक्षित की पत्नी रेनू दीक्षित सोमवार को शाम अपनी भतीजी नीशू देवी के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ढकिया रूप गांव आई थी। सोमवार शाम वह अपने भतीजे शिवांश शुक्ल के साथ बाइक से मैगलगंज बाजार में खरीदारी करने गई थीं।
बाजार से लौटते समय अमन इंटरप्राइजेज के पास पहुंची, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो उचक्कों ने रेनू दीक्षित के गले में झपट्टा मारकर सोने की चैन निकाल ली और औरंगाबाद की तरफ फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार उचक्के हेलमेट पहने थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस उचक्कों की पहचान का प्रयास कर रही है।
शुक्रवार को मैगलगंज क्षेत्र के चपरतला नेशनल हाइवे पर वैन सवार लुटेरों ने हरदोई जिले के निवासी दंपती के साथ नगदी व जेवरात की लूट की थी। पुलिस अभी इस मामले का खुलासा नहीं कर पाई थी, कि एक बार फिर से बाइक सवार उचक्कों ने महिला की चैन निकाल ली। इंस्पेक्टर रमेश पांडे ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।