बिजुआ। विकास खंड बिजुआ के प्राथमिक विद्यालय माहूं टांडा का एक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में स्कूल के बच्चे खुलने के समय वापस लौटते दिखाई दे रहे हैं, जबकि स्कूल बंद बताया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, जब बच्चों से स्कूल से लौटने का कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि स्कूल बंद है। इसके बाद ग्रामीणों ने यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो जल्द ही वायरल हो गया।
मामले की जानकारी मिलने पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमल किशोर से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि वह स्वयं और एक अन्य अध्यापक इन दिनों बीआरसी बिजुआ में चल रही ट्रेनिंग में गए हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय फिलहाल शिक्षामित्र के भरोसे चल रहा है।
प्रधानाध्यापक ने आशंका जताई कि सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण शायद बच्चों को लौटना पड़ा हो। वहीं, विद्यालय के शिक्षामित्र ने बताया कि वह निर्धारित समय पर स्कूल पहुंच गए थे।
इस पूरे मामले का खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) बिजुआ नागेंद्र चौधरी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर विद्यालय को नोटिस जारी किया जा रहा है। जांच के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।