गोला गोकर्णनाथ। शहर को आधुनिक प्रेक्षागृह देने के उद्देश्य से वर्ष 2002-03 में शुरू हुआ 2.70 करोड़ रुपये का ऑडिटोरियम प्रोजेक्ट 23 साल में भी पूरा नहीं हो सका। अब तक करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं, लेकिन नगरवासियों को इसका लाभ नहीं मिल पाया।
दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत ऋण लेकर निर्माण पूरा कराने की कवायद भी मंजिल तक नहीं पहुंच सकी। धनाभाव के कारण निर्माण कार्य शुरू से ही रुक-रुककर चलता रहा। वर्ष 2018-19 में 171.48 लाख रुपये का एस्टीमेट भेजा गया, जिसमें एक करोड़ रुपये स्वीकृत हुए।
पहली किस्त के 50 लाख रुपये से निर्माण कराया गया, लेकिन कोविड काल में काम फिर ठप हो गया। इस दौरान फॉल्स सीलिंग समेत कराए गए कई कार्य देखरेख के अभाव में बंदरों ने तहस-नहस कर दिए।
-
कार्य पूरा होने पर मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
ऑडिटोरियम बनने पर नगरवासियों को धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए आधुनिक प्रेक्षागृह मिलेगा। 20×40 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले इस भवन में एक मुख्य द्वार सहित पांच द्वार और 400 लोगों के बैठने की क्षमता होगी।
-
49.15 लाख का भुगतान, दूसरी किस्त से जारी है काम
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2018-19 में एक करोड़ रुपये में ऑडिटोरियम (प्रेक्षागृह) के डेकोरेशन का कार्य स्वीकृत हुआ था। इसमें इलेक्ट्रिक, पीवीसी पैनलिंग, स्टील रेलिंग, टाइल्स, साउंड सिस्टम, कुर्सियां, सेंट्रल एसी, गेट और स्टेज आदि कार्य शामिल हैं। अब तक 49 लाख 15 हजार रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि दूसरी किस्त में मिले 50 लाख रुपये से फ्लोरिंग, प्लंबिंग, इलेक्ट्रिकल, साउंड सिस्टम, फॉल्स सीलिंग, एसी इंस्टॉलेशन, पुट्टी, पेंटिंग, डोर-विडो फिटिंग और रेलिंग आदि का कार्य कराया जा रहा है।