लखीमपुर खीरी। क्रिसमस के लिए बाजार में केक की खुशबू बिखरने लगी है। बेकरी की दुकानों पर रंग-बिरंगे, आकर्षक डिजाइन वाले केक ग्राहकों को लुभा रहे हैं।
एक किलो से लेकर दस किलो तक के केक बड़ी संख्या में तैयार किए जा रहे हैं, ताकि हर वर्ग और हर आयोजन की जरूरत पूरी हो सके। दुकानदारों का कहना है कि पिछले साल शहर में अनुमानित बिक्री करीब 50 लाख की थी, जबकि इस बार क्रिसमस और नववर्ष में केक के कारोबार में अधिक इजाफा होने की उम्मीद है।
25 दिसंबर को क्रिसमस पर विशेष रूप से प्लम केक की मांग सबसे अधिक देखी जा रही है, जिसे प्रसाद और उपहार के रूप में बांटा जाता है। क्रिसमस थीम पर बने सेंटा क्लॉज, क्रिसमस-ट्री, स्टार और स्नोमैन डिजाइन वाले केक लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। बाजार में डोनेट, कप केक, हार्ट शेप केक, गुड़िया केक और बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाले केक भी उपलब्ध हैं।
नववर्ष को ध्यान में रखते हुए दुकानों में खास पैकेज तैयार किए गए हैं, जिनमें केक के साथ चॉकलेट, कुकीज और छोटे गिफ्ट शामिल किए गए हैं। बच्चों के लिए सेंटा द्वारा बांटे जाने वाले गिफ्ट पैक भी आकर्षक पैकिंग में तैयार किए गए हैं।
दुकानदारों के अनुसार, इस बार ग्राहकों की पसंद में डिजाइन और फ्लेवर दोनों में बदलाव देखने को मिल रहा है। चॉकलेट, बटरस्कॉच, रेड वेलवेट और ब्लैक फॉरेस्ट जैसे फ्लेवर की मांग बढ़ी है।
ग्राहक अब सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि डिजाइन पर भी ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। हमने खास तौर पर क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए नए डिजाइन के केक और गिफ्ट पैक तैयार किए हैं, जिन्हें अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
- पूजा सचदेवा, बेकरी संचालक
क्रिसमस और नए साल को लेकर इस बार बाजार में अच्छी रौनक है। प्लम केक की सबसे ज्यादा मांग है। वहीं बच्चों के लिए थीम केक भी खूब बिक रहे हैं। एडवांस बुकिंग की जा रही है।
- निशांत अग्रवाल, दुकानदार
पूजा सचदेवा
पूजा सचदेवा