बिजली अधिकारियों ने खतरे के मद्देनजर किया आगाह
17.5 मीटर की परिधि में किसी भी निर्माण पर रोक
निघासन कस्बे में बने 220 केवीए के उपकेंद्र को शाहजहांपुर जिले से जोड़कर ऊर्जीकृत कर दिया गया है। जिसके बाद अब निघासन, सिंगाही और तिकुनियां क्षेत्र को शाहजहांपुर से ही बिजली सप्लाई मुहैया कराई जाएगी। इससे पहले इन क्षेत्रों को पलिया के 132 केवी उपकेंद्र से बिजली मिल रही थी।
बता दें कि पिछले कई वर्षों तक निर्माण कार्य चलने के बावजूद तकनीकी दिक्कतों के कारण इस बिजली लाइन को जोड़ा नहीं जा रहा था। विद्युत पारेषण केंद्र सीतापुर के अधिशाषी अभियंता एसके सिंह ने बताया कि 220केवी की बिजली लाइन को रायपुर सोठियाना, अमीनपुर, नौखेड़ा, भांवरखेड़ा, शारदानगर, फूलबेहड़, पूजागांव, पैना बुजुर्ग, लौकिहा, रसूलपुर, इब्राहिमपुर, सिसौरा नासिर, चिंतापुरवा, कालिका पुरवा, कोठिया, उसिया, गोला और मोहम्मदी सहित कई गांवों के बीच से होकर निकाला गया है। चूंकि बिजली लाइन ऊर्जीकृत हो गई है, इसलिए सुरक्षा के दृष्टिकोण से बिजली लाइन के दोनों तरफ 17.5 मीटर की परिधि में न पेड़ लगाया जा सकता है और न ही कोई निर्माण कराया जा सकता है। ऐसा करने पर ग्रामीणों के लिए कभी भी खतरा उत्पन्न हो सकता है।
दूर होगी लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या
220केवी के उपकेंद्र के ऊर्जीकृत होने से निघासन, सिंगाही और तिकुनियां क्षेत्र के सैंकड़ों गांवों के लोगों को लो वोल्टेज और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। इन क्षेत्रों में बिजली की भीषण समस्या को देखते हुए ही 220केवी के बड़े उपकेंद्र का निर्माण शुरू कराया गया था। मौजूदा समय में 12 घंटे की बिजली सप्लाई दी जा रही है।