इमलिया फार्म से सूरजपुर जाने वाली निर्माणाधीन सड़क। संवाद
बिजुआ। लखीमपुर-पलिया मार्ग से इमलिया फार्म होकर सूरजपुर जाने वाली 1800 मीटर सड़क का निर्माण दो माह बाद भी पूरा नहीं हो पाया। सड़क पर पत्थर और डस्ट डालकर छोड़ दिए जाने से लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात में अगस्त से दिसंबर तक सड़क पर पानी भर जाने से रास्ता बंद हो जाता है। ऐसे में लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। रामकुमार, पप्पू सिंह, गुरदीप सिंह, मनरूप सिंह, मंदिर सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने सड़क का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की।
पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता रामचंद्र वर्मा ने बताया कि सड़क के निर्माण के लिए एक वर्ष का समय निर्धारित है। मार्च में पहली किस्त मिलने पर ठेकेदार ने पत्थर और डस्ट डलवाई थी। हवा चलने से डस्ट उड़ गई। दूसरी किस्त मिलने की संभावना है। धनराशि मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। संवाद