चंदनचौकी के बलेरा गांव में राज्यपाल के आगमन की तैयारियों का जायजा लेते एसडीएम समेत अन्य अधिकार
पलियाकलां। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल दुधवा में जंगल सफारी के साथ ही चंदनचौकी क्षेत्र के बलेरा गांव में आयोजित कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। यहां जिस जगह पर वे थारू हस्तशिल्प कला केंद्र में उत्पाद देखेंगी, वहां भी व्यवस्थाओं को मुकम्मल करने का कार्य किया जा रहा है।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल दो जून को दोपहर दो बजे पलिया हवाई पट्टी पर पहुंचेंगीं। इसको लेकर हवाई पट्टी पर नगर पालिका के कर्मचारी बेहतर व्यवस्थाएं कर रहे हैं। एसडीएम रत्नाकर मिश्रा, तहसीलदार आरती यादव, सीओ यादवेंद्र यादव सुरक्षा व्यवस्था से लेकर उनके दुधवा तक पहुंचने की तैयारियों के बाबत चर्चा करते रहे। राज्यपाल के दुधवा पहुंचने के बाद वहां की व्यवस्थाओं के लिए दुधवा पार्क प्रशासन लगा हुआ है।
एफडी डॉ. एच राजामोहन के साथ ही डीडी डाॅ. रंगाराजू टी पूरे दिन दुधवा में रहे और व्यवस्थाओं को बेहतर करने के निर्देश अधीनस्थों को दिए। दो दिन राज्यपाल दुधवा में ही रात्रि विश्राम करेंगी तो उसके लिए अधिकारियों को अलग से निर्देशित किया गया है। शनिवार को एसडीएम रत्नाकर मिश्रा प्रशासनिक व पुलिस अमले के साथ चंदनचौकी के बलेरा गांव पहुंचे और यहां परियोजना अधिकारी यूके सिंह से व्यवस्थाओं के बारे में चर्चा की।
बताया जाता है कि तीन जून को दोपहर करीब 12 बजे तक राज्यपाल चंदनचौकी क्षेत्र में रहेंगी और उसके बाद दुधवा पहुंचकर अधिकारियों संग बैठक करेंगीं। रात्रि विश्राम दुधवा में करने के बाद चार जून को वह यहां से पीलीभीत के लिए रवाना होंगी।
0000000
राज्यपाल का प्रोटोकाॅल जारी होने के बाद व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए अधीनस्थों को निर्देशित किया गया है। तैयारियां पूरी हैं और सभी व्यवस्थाओं को भी मुकम्मल करने का कार्य किया जा चुका है।
-रत्नाकर मिश्रा, एसडीएम पलिया