लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को रोडवेज की बसों में नि:शुल्क यात्रा का लाभ मिलेगा। इसके लिए परीक्षार्थियों को परिचालक को प्रवेश पत्र की छायाप्रति देनी होगी। लखीमपुर डिपो के एआरएम ने इस संबंध में परिचालकों को निर्देश जारी कर दिए हैं। परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए बस अड्डे पर कर्मचारियों को भी तैनात किया है।
प्रदेश भर में यूपी टीईटी का पेपर रविवार 23 जनवरी को होगा। शासन ने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा करने के निर्देश दिए हैं। इसके अनुसार अभ्यर्थी 22 से लेकर 24 जनवरी तक निगम की बसों में नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगे। लखीमपुर डिपो के एआरएम जोगेंद्र सिंह ने बताया कि इसके लिए यूपी टीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र और पहचान पत्र की एक अतिरिक्त फोटो कापी के साथ यात्रा करनी होगी। इसको स्वप्रमाणित करके परिचालक को देना होगा। इसका रिकॉर्ड रखा जाएगा। इसके बाद अभ्यर्थी घर से परीक्षा केंद्र और फिर वापस घर तक रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। वहां तक वह यात्रा नि:शुल्क कर सकता है। इस संबंध में सभी परिचालकों को भी अवगत करा दिया गया है।