लखीमपुर खीरी। तराई में अब कोहरे का असर बढ़ने के आसार हैं। सुबह और रात के समय ठंडक के साथ धुंध छाने लगी है। मौसम विभाग ने जिले में घने कोहरे की आशंका जताते हुए सोमवार और मंगलवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इससे सुबह सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है। खासकर हाईवे और ग्रामीण मार्गों पर वाहन चालकों को सतर्क रहने की जरूरत है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के 15 नवंबर को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 से 17 नवंबर तक घना कोहरा छाने की संभावना है। खीरी भी इसी क्षेत्र में शामिल है। ऐसे में जिले के विभिन्न इलाकों में सुबह कोहरे का प्रभाव बढ़ सकता है। इससे जनजीवन के साथ सड़क यातायात भी प्रभावित होने की आशंका है।
रविवार को जिले में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर धुंध रहने के बाद शाम को ठंडक बढ़ गई।
दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अवदाब में बदल गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इसके 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसका असर मुख्य रूप से तटीय और दक्षिणी राज्यों में देखने को मिल सकता है। फिलहाल इस मौसमी सिस्टम से खीरी में बारिश होने का कोई स्पष्ट पूर्वानुमान नहीं है।