गांव अदलाबाद में परवल की फसल को रखाने के दौरान हुआ हमला
वन विभाग की टीम ने जंगल में की कॉबिंग, ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील
निघासन (लखीमपुर खीरी)। गांव अदलाबाद में सोमवार की दोपहर किशोर खेत में लगी परवल की फसल की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान एक तेंदुए ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। खेत में काम कर रहे लोगों ने किसी तरह उसे छुड़ाया और सीएचसी ले गए, जहां से उसे लखीमपुर रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
गांव अदलाबाद निवासी अशरफ ने बताया कि गांव के दक्षिण की तरफ जंगल किनारे स्थित तीन बीघा खेत में परवल और बाकी में गन्ना लगा हुआ है। परवल की फसल को बचाने के लिए वह अपने भतीजे जमाल के साथ खेत गया था और मचान पर बैठकर खेत की देखरेख कर रहा था। दोपहर करीब एक बजे जमाल मचान से उतरकर परवल देखते हुए गन्ने के खेत की मेढ़ पर चला गया, जहां गन्ने के खेत में छिपे तेंदुआ ने उस पर हमला बोल दिया और गर्दन पकड़कर उसको गन्ने के खेत की ओर लेकर चल दिया।
अशरफ ने जब शोर मचाया तो खेतों में काम कर रहे शारदा, शोएब, गिरधारी समेत तमाम लोग आ गए। उन्होंने किसी तरह से तेंदुआ के चंगुल से जमाल को छुड़ाया। गंभीर हालत में परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां से उसे लखीमपुर रेफर किया गया, लेकिन लखीमपुर ले जाते वक्त रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
यहां बता दें कि इससे पहले बीते शनिवार को जंगल में मवेशी चराने गए अदलाबाद निवासी राधे यादव की बछिया को तेंदुए ने मार डाला था। सूचना पर पहुंचे लुधौरी रेंजर राममिलन ने बताया कि तेंदुआ जंगल में है। जंगल किनारे खेतों में लोगों को जाने से मना किया है। वन विभाग की टीम ने जंगल में कॉबिंग की है।