पसगवां (खीरी)। बाइक अनियंत्रित होकर खेत में लगे कंटीले तारों में फंस गई, जिससे एक किशोर की मौत हो गई। वहीं अलग-अलग सड़क हादसों में तीन अन्य लोग घायल हो गए।
हरदोई जिले के थाना टड़ियावां क्षेत्र के ग्राम पनिहैया निवासी राजीव कुमार (16) पुत्र भैयालाल अपने ननिहाल ग्राम कुंअरपुर बघेल आया था। शुक्रवार शाम करीब तीन बजे वह एक रिश्तेदार की बाइक चला रहा था। इसी दौरान हरिहरपुर गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर खेत में घुस गई और खेत की बाड़ में लगे कंटीले तारों में उलझ गई। हादसे में राजीव गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे पसगवां सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि राजीव अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
एक अन्य हादसे में पसगवां निवासी नरेंद्र कुमार तिवारी (35) बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान वह ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
थाना उचौलिया क्षेत्र के ग्राम हरदयालपुर निवासी चंद्र प्रकाश अपने पुत्र अंकुर के साथ बाइक से जा रहे थे। ग्राम कोटरा के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। चंद्र प्रकाश को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।