ओयल (खीरी)। ग्राम मोतीपुर के मजरा लोनपुरवा निवासी सुरेश उर्फ पुजारी की बेटी नंदिनी (14) का शव बुधवार की सुबह खेत में मिला। परिजनों ने उसकी रंजिशन हत्या करने का आरोप लगाया है। इस बीच उन्होंने काफी देर तक हंगामा किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बकनिया गांव के ही अरुण चाैहान व एक अज्ञात युवक पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन शाम को आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सर्पदंश से मौत होना बताई गई है।
नंदिनी प्रतिदिन की तरह सुबह करीब छह बजे शौच के घर से निकली थी, जब वह काफी देर तक नहीं लौटी तो उसकी तलाश की गई। परिजनों के मुताबिक, गांव के ही कुछ लोगों से उनकी रंजिश चल रही है। आरोप लगाया कि उन्हीं लोगों ने उनकी पुत्री की हत्या कर दी और शव खेत में छोड़कर भाग गए।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि किशोरी के गले पर एक निशान भी पाया गया। निशान किसी के जूते का बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस बल पहुंच गया। एसओ खीरी निराला तिवारी ने अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस सहायक अधीक्षक-सीओ सिटी विवेक तिवारी भी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन परिजन डीएम और एसपी को मौके पर बुलाने की बात पर अड़ गए। हालांकि, किसी तरह समझा बुझाकर परिजनों को शांत कराते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि शव का पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया गया। रिपोर्ट में सांप के काटने से किशोरी की मौत होना बताया जा रहा है। परिजनों की तहरीर पर एक नामजद सहित एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
घटना स्थल पर लगी भीड़। संवाद