निर्माणाधीन पलिया माल गोदाम मार्ग का निरीक्षण करती पालिकाध्यक्ष। स्रोत: सोशल मीडिया
पलियाकलां। नगर पालिका परिषद ने रेलवे विभाग के अधिकार क्षेत्र में आने वाले मालगोदाम मार्ग के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया है। रविवार को पालिकाध्यक्ष लक्ष्मी देवी गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
मालगोदाम मार्ग नगर की प्रमुख सड़कों में शामिल है, जिससे होकर लोग सरकारी अस्पताल, नगर पालिका कार्यालय, कोतवाली और रेलवे स्टेशन तक पहुंचते हैं। पूर्व में इस सड़क का निर्माण तत्कालीन पालिकाध्यक्ष स्व. केबी गुप्ता के कार्यकाल में हुआ था, लेकिन लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण मार्ग जर्जर हो गया था और आवागमन कठिन हो गया था।
रेलवे विभाग के स्वामित्व में होने के कारण तकनीकी बाधाओं की वजह से सड़क का पुनर्निर्माण लंबे समय से लंबित था। पालिकाध्यक्ष ने इस समस्या को प्राथमिकता देते हुए रेलवे अधिकारियों से लगातार समन्वय स्थापित किया, जिसके बाद आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ और निर्माण कार्य शुरू हो सका।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि निर्धारित समय सीमा में सड़क निर्माण पूरा कराकर लोगों को जल्द राहत दिलाई जाएगी।