बीएसए से वार्ता में बनी कई बिंदुओं पर सहमति, धरना प्रदर्शन खत्म
शिक्षकों और खंड शिक्षाधिकारी के विवाद पर रविवार को पूर्ण विराम लग गया। रविवार को बीएसए और शिक्षक संघ के पदाधिकारियों के साथ नौरंगपुर के प्राथमिक विद्यालय में बैठक के बाद सहमति बन गई और इसके बाद शिक्षक संघ ने धरना खत्म करने का फैसला लिया।
गौरतलब है कि खंड शिक्षाधिकारी पर भ्रष्टाचार, धन उगाही जैसे गंभीर आरोप लगाकर उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ और उच्च प्राथमिक शिक्षक संघ ने धरना प्रदर्शन शुरू किया था। धरना बीआरसी पर चल रहा था कि इसी दौरान एबीआरसी अरुण कुमार के साथ मारपीट भी हुई। इसमें शिक्षकों ने भी मारपीट का आरोप लगाया। इसके बाद भी शिक्षकों का धरना प्रदर्शन जारी रहा हालांकि उनका स्थान बीआरसी की बजाए तहसील हो गया था। बीएसए डॉ. ओपी राय ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मामले की जड़ को जानना शुरू कर दिया था। इसी को लेकर वह रविवार को नौरंगपुर प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। जहां तमाम शिक्षक मौजूद थे तो शिक्षक संघ के जिला स्तरीय पदाधिकारी भी आए थे। इसके साथ ही एबीआरसी से मारपीट के खिलाफ उनके पक्ष से भी काफी शिक्षक यहां मौजूद रहे। शिक्षकों ने कहा कि खंड शिक्षाधिकारी का तबादला किया जाए और नहीं हो सकता तो उन्हें आफिस से अटैच कर दिया जाए। बीएसए ने कहा कि शिक्षकों के कहने पर यह बातें तय नहीं हो सकती हैं और इससे एक गलत परंपरा जन्म ले लेगी। उन्होंने शिक्षकों से अपने मूल कार्य शिक्षण को करने को कहा और कहा कि शिक्षक का कार्य शिक्षा देना है जिसे वह बखूबी इसे निभाएं। वार्ता के बाद शिक्षकों ने अपना धरना प्रदर्शन खत्म कर दिया। इसमें कई बिंदुओं पर सहमति बनी है । बैठक में खंड शिक्षाधिकारी भरत कुमार वर्मा, एबीआरसी अरुण कुमार, उच्च प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष उमाशंकर, प्राथमिक अध्यक्ष संतोष वर्मा, अनिल कुंतल, जिला स्तरीय पदाधिकारियों समेत तमाम शिक्षक मौजूद रहे।
जांच करेगी कमेटी, फिर देगी रिपोर्ट
बीएसए ने एक जांच कमेटी का गठन किया है जिसमें पदाधिकारी, अधिकारी आदि शामिल हैं जो प्रकरण की जांच कर अपनी रिपोर्ट बीएसए को सौंपेंगे और फिर इसी के आधार पर कार्रवाई होगी। इसके लिए सभी पक्ष सहमत दिखाई दिए।
सेवा पुस्तिका के लिए लगेगा कैंप
बीएसए ने कहा कि शिक्षक अपनी सेवा पुस्तिका ले लें और उनको तैयार कर रख लें जब सब पुस्तिका आ जाएं तो बता दिया जाए। वह इसके लिए एक कैंप लगवा देंगे। इससे शिक्षक काफी खुश दिखाई दिए।