सीनियर बेसिक शिक्षक संघ ने लंबित मांगों को लेकर शहर में मशाल जुलूस निकाला और मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। संगठन ने प्रदेश सरकार के चुनाव के समय किए गए वायदों पर चर्चा करते हुए प्रमुख मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की है। शिक्षकों ने प्रदर्शन के बाद सीएम को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
जिलाध्यक्ष फलेश चंद्र पांडेय ने कहा है कि प्रदेश में 3211 मान्यता प्राप्त अनुदानित विद्यालय हैं। इसके अलावा 3000 स्थाई असहायिक विद्यालय, 19000 स्थाई बी श्रेणी विद्यालय संचालित हैं। इनमें कार्यरत करीब 1.5 लाख शिक्षक/कर्मचारियों का संगठन प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने प्रदेश सरकार को याद दिलाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में लिखित समर्थन पत्र दिया था, जिसके बाद पार्टी ने घोषणा पत्र में विद्यालयों को अनुदानित करने का वायदा किया था। महामंत्री प्रदीप श्रीवास्तव ने 2006 में नियुक्ति पाए शिक्षक/कर्मचारियोें को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की मांग की हैै। इसके अलावा प्रमुख मांगों में 1000 जूनियर हाईस्कूलों में कार्यरत 523 शिक्षकों की वेतन अनुमन्यता जारी करने, मान्यता प्राप्त जूनियर स्कूलों में रिक्त प्रधानाध्यापक पद को वरिष्ठ अध्यापकों की प्रोन्नति कर भरने आदि मांगों पर चर्चा की गई। इस मौके पर प्रभात मिश्रा, सतीश चंद्र पांडेय, बिंदु कुमार शर्मा, संजय मिश्र आदि मौजूद रहे।