उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पलिया क्षेत्र के गदनिया सरकारी स्कूल में तैनात शिक्षक प्रशांत यादव की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रशांत अपने कमरे पर थे। अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा। हालत बिगड़ने पर स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
35 साल के प्रशांत यादव मूल रूप से हाथरस जनपद के निवासी थे। वह गदनिया के सरकारी स्कूल में अध्यापक पद पर तैनात थे। बताया गया कि प्रशांत बुधवार सुबह अपने कमरे पर थे। तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। किसी तरह उन्होंने पड़ोसियों को सूचना दी।
आनन-फानन प्रशांत को सीएचसी लाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। प्रशांत की मौत की खबर मिलने पर बड़ी संख्या में शिक्षकों की भीड़ सीएचसी में जमा रही। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।