सिकंद्राबाद/ लखीमपुर खीरी। सांसद में बिल पारित होने के बाद लखीमपुर खीरी में तीन तलाक का पहला मामला सामने आया है। दहेज में बाइक नहीं मिलने पर शौहर ने पहले पत्नी को पीटा, फिर भरी पंचायत में तीन बार बोल दिया- तलाक..तलाक.. तलाक। तलाक की बात सुनते ही पीड़िता और उसके माता-पिता अवाक रह गए। तलाक देने के बाद पीड़िता को घर से निकाल दिया गया। महिला का निकाह दो साल पहले ही हुआ है। उसकी एक साल की बेटी भी है। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने शौहर समेत अन्य ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस शौहर को तलाश कर रही है।
थाना फूलबेहड़ के गांव पतरासी निवासी हसीन बानों ने बताया कि उसका निकाह दो साल पहले थाना नीमगांव के गांव सरैंया निवासी जलीस के साथ हुआ था। उसके एक साल की बेटी है। निकाह से पूर्व शौहर ने उसके पिता से दहेज में बाइक मांगी थी। माता-पिता की आर्थिक स्थिति कमजोर होने की वजह से बाइक की मांग पूरी नहीं कर पाए। जब वह ससुराल आई तो पति जलीस, सास गुड्डी, देवर तौसीफ, रिजवान, ससुर शरीफ खां और भांजा इमाम आए दिन दहेज का ताना देकर उससे मारपीट करते थे। उसे तरह-तरह से प्रताड़ित किया जाता। परिवार बचाने की खातिर वह सब कुछ सहन करती रही। 10 सितंबर की रात आठ बजे पति जलीस ने मोबाइल पर कॉल की और उसके माता-पिता को बुलाया। पिता वजुहद्दीन खां मां के साथ आते कि इससे पहले ही पति ने उसे जमकर पीटा। उसकी नाक से खून निकलने लगा। माता-पिता ने ससुराल वालों से समझौता कराने की कोशिश की। गांव और आसपास के लोग भी जमा हो गए। इन सबके बीच उसके शौहर ने उसे तीन बार तलाक कह दिया। तलाक सुनकर वह और उसके माता-पिता अवाक रह गए। वह रोने-विलखने लगी। बुधवार को पीड़िता अपने माता-पिता के साथ थाना पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी पति को गिरफ्तार करने का पुलिस प्रयास कर रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- शैलेंद्र लाल, एएसपी