फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: परिषदीय स्कूलों में तपती कक्षाएं, तैयारियां ठंडी

Tue, 07 Jul 2026 11:04 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
बिना बिजली कनेक्शन वाले प्राथमिक विद्यालय माधौपुरवा में मौजूद बच्चे। संवाद
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। भीषण गर्मी में चार बच्चों के बेहोश होने की घटना ने परिषदीय स्कूलों में गर्मी से बचाव की तैयारियों की परतें खोल दीं। जिले के 3106 विद्यालयों की पड़ताल में सामने आया कि करीब दो हजार स्कूलों में इन्वर्टर हैं, लेकिन एक हजार से अधिक विद्यालयों में बिजली कटते ही पंखे थम जाते हैं। 11 विद्यालयों में अब भी बिजली कनेक्शन नहीं है। विभाग का कहना है कि शेष स्कूलों में भी जल्द सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
विज्ञापन

विभागीय जानकारी के अनुसार, जिन विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाएं संचालित हैं, उनमें अधिकांश जगह इन्वर्टर लगाए गए हैं। पेयजल के लिए जल जीवन मिशन के तहत नल, सरकारी हैंडपंप और सबमर्सिबल की व्यवस्था है। शौचालयों की छोटी-मोटी मरम्मत और अन्य आवश्यक कार्य कंपोजिट ग्रांट से कराए जा रहे हैं।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, लखीमपुर तहसील के तीन, मोहम्मदी के चार, धौरहरा के तीन और एक अन्य विद्यालय शामिल है। विभाग का कहना है कि इन विद्यालयों को चिह्नित कर लिया गया है और कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
विज्ञापन

-इन विद्यालयों का ये हाल
गोला गोकर्णनाथ : लोने सिंह संविलियन, त्रिलोक गिरि संविलियन विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय आदर्श, जवाहर, नगर, कस्तूरबा और रामविलास प्राथमिक विद्यालय सहित सातों विद्यालयों में बिजली, इन्वर्टर और पेयजल की व्यवस्था मिली।
मितौली : उच्च प्राथमिक विद्यालय ओदारा, प्राथमिक विद्यालय मितौली, खंजननगर और हैदरनगर में बिजली व इन्वर्टर से पंखे चलते मिले। पेयजल के लिए इंडिया मार्का हैंडपंप हैं।
निघासन : प्राथमिक विद्यालय गड़रियनपुरवा और संविलियन विद्यालय रकेहटी में सभी कक्षाओं में पंखे चालू मिले।
केशवापुर : उच्च प्राथमिक विद्यालय सेमरई में पंखे लगे हैं, लेकिन अनियमित बिजली आपूर्ति से दिक्कत बनी रहती है। संविलियन विद्यालय सकेथू में विभाग की ओर से दो किलोवाट का इन्वर्टर लगाया गया है। प्रधानाध्यापक अर्चना बाजपेयी ने बताया कि सभी कक्षाओं में पंखे संचालित हैं।
धौरहरा : विकासखंड के कम्पोजिट विद्यालय भटपुरवा कला, उच्च प्राथमिक विद्यालय डिहुआ कला तथा प्राथमिक विद्यालय माधौपुरवा, महतवपुरवा और पसियनपुरवा में अब तक बिजली कनेक्शन नहीं है।
रमियाबेहड़ : प्राथमिक विद्यालय महमदपुर, रामदीन पुरवा, रामपुर रेतिया, ढढूरी, देवीदीनपुरवा और भटपुरवा सहित कुछ विद्यालय बिजली सुविधा से वंचित हैं।
ईसानगर : बाढ़ प्रभावित गांवों के प्राथमिक विद्यालय मांझा सुमाली, चदई गौड़ी, पसियनपुरवा गौड़ी तथा गौड़ी में भी बिजली व्यवस्था नहीं पहुंच सकी है। ऐसे विद्यालयों में बिजली न होने से पंखे नहीं चल पाते और गर्मी के दौरान छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

कंपोजिट ग्रांट से हो रहे छोटे कार्य
विद्यालयों में शौचालयों की मरम्मत, सीट चोक होने, गड्ढे भरने और अन्य छोटी-मोटी मरम्मत कंपोजिट ग्रांट से कराई जा रही है। छात्र संख्या के आधार पर विद्यालयों को 10 हजार से 75 हजार रुपये तक की वार्षिक ग्रांट मिलती है।
-
जिन विद्यालयों में अब तक बिजली कनेक्शन नहीं हैं, उनमें अधिकांश वन क्षेत्र में स्थित हैं। कुछ विद्यालय पड़ोसी स्कूलों में संचालित हो रहे हैं। स्कूलों में इन्वर्टर और बैट्री के लिए अलग से कोई ग्रांट नहीं मिलती। अधिकांश विद्यालयों ने कंपोजिट ग्रांट से ही यह व्यवस्था की है। शेष विद्यालयों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जल्द शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
विज्ञापन

- प्रवीण कुमार तिवारी, बीएसए
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें