लखीमपुर खीरी। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए स्वयं पोर्टल उपयोगी साबित हो रहा है। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) के मुफ्त ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राएं अब घर बैठे अपने मोबाइल, टैबलेट या कंप्यूटर से गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री प्राप्त कर सकेंगे।
पोर्टल पर विद्यार्थियों को विषयवार वीडियो लेक्चर, ई-स्टडी मटेरियल, अभ्यास प्रश्न, असाइनमेंट और अन्य शैक्षणिक सामग्री निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। छात्र अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी और कहीं से भी इन पाठ्यक्रमों का अध्ययन कर सकते हैं। ऑनलाइन सामग्री उपलब्ध होने से पढ़ाई अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक हो जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों का स्वयं पोर्टल पर पंजीकरण कराया जाए। साथ ही विद्यार्थियों को पोर्टल के उपयोग की जानकारी भी दी जाए, ताकि वे उपलब्ध डिजिटल संसाधनों का पूरा लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि एनसीईआरटी के ऑनलाइन पाठ्यक्रम विद्यार्थियों की विषयगत समझ मजबूत करने के साथ-साथ बोर्ड परीक्षाओं के बेहतर परिणाम में भी सहायक सिद्ध होंगे। इसके लिए विद्यालयों को अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस सुविधा से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।