नए साल के चार दिनों में सिर्फ 40 मिनट के लिए सूरज के दर्शन हुए हैं। भीषण ठंड के कारण आम जनजीवन पूरी तरह अस्तव्यस्त हो गया है। गुरुवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा।
नए साल के पहले दिन से ही तापमान में लगातार गिरावट जारी है। बुधवार को अधिकतम तापमान 18.2 तो न्यूनतम तापमान 05.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था, जबकि गुरुवार को तापमान घटकर अधिकतम 17.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 04.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस सीजन में अब तक का सबसे कम तापमान है। गुरुवार को सुबह करीब दस बजे तक कोहरा छाया रहा। लोगों को सुबह हेडलाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े। बाद में कोहरा तो छंट गया, लेकिन आसमान में छाए बादलों के कारण दिन भर सूरज नहीं निकला। सुबह से बर्फीली हवाओं का जो दौर शुरू हुआ वह रात भर जारी रहा। बर्फीली सर्द हवाओं से गलन और ज्यादा बढ़ गई है। इससे आम लोग परेशान हैं।
कड़ाके की ठंड के कारण बीमार और बुजुर्ग दिन भर रजाइयों में दुबके रहे। बाहर से आने वाले लोगों को इससे काफी परेशानी उठानी पड़ी। दफ्तरों में अधिकारी और कर्मचारी कामकाज छोड़कर हीटरों और ब्लोवर के साथ चिपके दिखाई दिए। इससे कामकाज प्रभावित रहा। सर्दी के चरम सीमा पर पहुंचने से गर्म कपड़ों की बिक्री बढ़ गई है। बड़ी दुकानों के साथ फुटपाथी दुकानों में गर्म कपड़ों के खरीदारों की भीड़ रही।
मैलानी। कड़ाके की सर्दी का कहर चौथे दिन भी जारी रहा। सुबह से शाम तक धुंध छाए रहने से सूरज के दर्शन नहीं हो पा रहे हैं। धूप न होने से कपड़े भी नहीं सूख पा रहे हैं। आम जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित है।
पिछले एक सप्ताह में तापमान का उतार चढ़ाव
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
29 दिसंबर 22.3 07.5
30 दिसंबर 21.5 07.2
31 दिसंबर 22.2 07.2
01 जनवरी 20.5 05.3
02 जनवरी 19.5 05.5
03 जनवरी 18.5 05.5
04 जनवरी 17.5 04.7