ईसानगर-खमरिया। घर में मामूली कहासुनी होने से नाराज युवक ने शनिवार को शारदा नदी में छलांग लगा दी। गनीमत रही किसानों ने नदी में कूदकर बह रहे युवक को बाहर निकाल लिया। युवक को सीएचसी खमरिया में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव राजापुर दुलही निवासी संजीत कुमार (18) का शुक्रवार को किसी बात को लेकर घर में किसी बात को लेकर मामूली विवाद हो गया था। इससे नाराज संजीत उसी दिन घर से कहीं चला गया। शनिवार दोपहर करीब दो बजे वह पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर स्थित शारदा नदी के ऐरा पुल पर पहुंचा और नदी में छलांग लगा दी। जिससे वह तेज धार में बहने लगा। खेतों में काम कर रहे ऐरा भिठौली निवासी रामप्यारे, मड़वा निवासी कमलकिशोर व अजय कुमार की उस पर नजर पड़ी। तीनों किसानों ने अपनी जान की परवाह नहीं की और नदी में छलांग लगाकर संजीत को अचेत अवस्था मे बाहर निकाला। शरीर से पानी निकालने के बाद उसे सीएचसी खमरिया में लाकर भर्ती करवाया। जहां इलाज के बाद उसको होश तो आ गया, लेकिन बोलने में उसे दिक्कत महसूस हो रही थी। इस पर डॉक्टर ने परिजन को सूचना देकर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मौके पर पहुंचे परिजन ने रामप्यारे, कमलकिशोर व अजय कुमार का संजीत को बचाने के लिए आभार जताया।