मैलानी/पलियाकलां। मैलानी-नानपारा मीटरगेज रेलखंड पर 16 नवंबर से ट्रेनों का संचालन फिर शुरू होगा। करीब ढाई माह से बंद इस रेलमार्ग पर तीन जोड़ी ट्रेनें चरणबद्ध ढंग से बहाल की जाएंगी।
मरम्मत के बाद शुक्रवार को मैलानी से नानपारा तक लाइट इंजन चलाकर सफल ट्रायल किया गया। उधर, रेल सेवा बहाल करने की मांग को लेकर रेल चलाओ पलिया क्षेत्र बचाओ संघर्ष समिति ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
शुक्रवार सुबह 9:50 बजे मैलानी से रवाना हुआ लाइट इंजन सफलतापूर्वक नानपारा पहुंचा। एसएस रामेंद्र ने बताया कि इस मार्ग पर जल्द ट्रेनें चलने की उम्मीद है। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी लखनऊ हिमांशु राव ने बताया कि आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्य पूरे होने के बाद 16 नवंबर से इस खंड पर ट्रेन संचालन बहाल किया जाएगा।
दरअसल, बरसात में भारी बारिश के कारण भीरा और पलियाकलां स्टेशनों के बीच पुराने रेल कटाव स्थल पर रेलपथ के नीचे पानी का रिसाव होने लगा था। सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे ने 30 अगस्त को इस मार्ग पर ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया था।
इधर, शुक्रवार को रेल चलाओ पलिया क्षेत्र बचाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने मैलानी रेलवे स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। इसमें चेतावनी दी गई कि 15 नवंबर 2026 तक ट्रेन संचालन शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता के साथ आंदोलन किया जाएगा। समिति ने कहा कि इस रेलखंड पर पहले से ही ट्रेनों की कमी है। क्षेत्रवासी लंबे समय से मैलानी-पलिया-नानपारा रेलखंड पर बड़ी लाइन निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन बड़ी लाइन बनने के बजाय छोटी लाइन की ट्रेनें भी बंद कर दी गईं। रेलवे प्रशासन ने पहले नवंबर में संचालन शुरू करने की बात कही थी, लेकिन तारीख बढ़ाकर 15 नवंबर कर दी गई।
ट्रेनें बंद होने से पलिया, निघासन, संपूर्णानगर और बेलरायां समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों के हजारों यात्रियों, किसानों, मजदूरों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को आवागमन में परेशानी हो रही है। समिति के ज्ञापन पर पलिया रेलवे स्टेशन अधीक्षक ने लिखित जानकारी दी कि 16 नवंबर 2026 से मीटरगेज ट्रेन संचालन फिर शुरू होने की पूरी संभावना है। ज्ञापन सौंपने वालों में समिति के कमलेश राय, एपवा जिला अध्यक्ष आरती राय, वेद प्रकाश त्रिपाठी, माधुरी, लल्लन प्रसाद राठौर, चंद्रभूषण मिश्रा, रेलप्रेमी रईस अली, सौरभ सिंह शाक्य, वाहिद खान और देवेन्द्र कुमार आदि शामिल रहे।
-
इन तारीखों से चलेंगी ट्रेनें
- ट्रेन नंबर 52264 और 52262 मैलानी-नानपारा का संचालन 16 नवंबर से शुरू होगा।
- ट्रेन नंबर 52261 और 52263 नानपारा-मैलानी का संचालन 17 नवंबर से शुरू होगा।
- ट्रेन नंबर 52259 बिछिया-मैलानी और 52260 मैलानी-बिछिया का संचालन 21 नवंबर से शुरू होगा।