निघासन। आईजीआरएस पोर्टल पर की गई शिकायत और डीएम के निर्देश पर शुक्रवार को औषधि निरीक्षक बबीता रानी ने निघासन स्थित कृष्णा मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें कई अनियमितताएं मिलीं।
विज्ञापन
निरीक्षण के समय स्टोर पर संचालक मौजूद था, लेकिन फार्मासिस्ट नहीं मिला। दुकान में नारकोटिक्स श्रेणी की दवाओं का भंडारण पाया गया। संचालक दवाओं की खरीद-बिक्री के बिल भी नहीं दिखा सका।
जांच में दवाओं के भंडारण की व्यवस्था मानकों के अनुरूप नहीं मिली। स्टोर में फ्रिज नहीं था और बिल बुक से भी बिक्री नहीं की जा रही थी। इन कमियों के चलते औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर पर दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी। आगे की कार्रवाई के लिए निरीक्षण रिपोर्ट सहायक आयुक्त औषधि, लखनऊ मंडल को भेज दी गई है।