मैलानी में अपने पिता के साथ लालूस्रोत-पुलिस
मैलानी। कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकला छात्र लालू उर्फ साहिल (18) चार दिन बाद ट्रेन में मिल गया। पुलिस ने उसे 26 अगस्त को पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन से हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस से सकुशल तलाशकर माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।
सीओ महक शर्मा ने बताया कि सुरजनपुर निवासी राजेश ने 24 अगस्त को थाने में तहरीर दी थी। बताया था कि लालू 23 अगस्त को सुबह दस बजे कोचिंग पढ़ने मैलानी जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम तक नहीं लौटा। तलाश के बाद भी पता नहीं चला। गुमशुदगी दर्ज कर एसआई योगेंद्र सिंह को जांच सौंपी गई।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार मौर्य ने एसआई योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की। टीम ने सर्विलांस सेल की मदद से लालू की लोकेशन पता की और उसे ट्रेन संख्या 13005 हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस से तलाश लिया।
झूठी निकली साधुओं के चंगुल में होने की बात
लालू ने घर से जाने के अगले दिन परिजनों को फोन कर साधुओं के चंगुल में होने और नशे में किसी ट्रेन में होने की बात कही थी। जांच में पता चला कि उसने अपनी मां के बैंक खाते में जमा करीब 50 हजार रुपये मोबाइल फोन के एक ऑनलाइन गेम में गंवा दिए थे। 24 अगस्त को मां को जरूरत के लिए पैसे निकालने जाना था। इसी डर से वह घर से चला गया था। पुलिस के अनुसार, लालू भीरा गया और वहां एक जगह से दो हजार रुपये नकद लेकर मोबाइल फोन के जरिये एक दोस्त के यहां हावड़ा गया था। लौटते समय सर्विलांस से मिली लोकेशन के आधार पर उसे ट्रेन से तलाश लिया गया। साधुओं के चंगुल में होने की बात झूठी निकली।