गोला सीएचसी में मृतक छात्र की रोती बिलखती मां।
घर के अंदर फंदे से लटकता मिला अनमोल का शव
गोला गोकर्णनाथ। अलीगंज रोड स्थित लाल्हापुर ग्राम पंचायत के मजरा हफीजपुर निवासी 14 वर्षीय छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। मां और पड़ोसी उसे लेकर सीएचसी गए। जहां डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया।
हफीजपुर निवासी निवासी सावित्री देवी ने बताया कि उसके पति श्यामसुंदर सेना से अवकाश प्राप्त होने के बाद गाजियाबाद में नौकरी करते हैं। सोमवार को उनका 14 वर्षीय पुत्र अनमोल जो कक्षा आठ का छात्र है। स्कूल से छुट्टी होने पर घर आया उसके बाद वह अनमोल को घर छोड़कर मार्केट चली गई।
वापस आई तो मकान में बाहर से ताला लगा था। काफी तलाश करने के बाद कुछ संदेह होने पर पड़ोस के मकान की छत से एक पड़ोसी ने देखा तो अनमोल रसोई के पास रस्सी के सहारे फंदे पर लटक रहा था। दूसरी चाबी से ताला खुलवा कर अनमोल को फंदे से उतारा।
मां सावित्री देवी पड़ोसियों की मदद से अनमोल को लेकर सीएचसी लेकर आईं, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक छात्र अपने माता पिता की तीन संतानों में एकलौता पुत्र था। घटना की सूचना अस्पताल से कोतवाली पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना अस्पताल से मिली है। मामले की जांच कर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल मां ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया है।