लखीमपुर खीरी। तेज हवा और बारिश सोमवार सुबह बिजली उड़ा ली गई। इससे घरों में पानी का संकट गहरा गया। धौरहरा क्षेत्र में केले की फसल गिरने से किसानों को भारी नुकसान भी झेलना पड़ा। वहीं, रास्तों पर जलभराव होने से लोग आवागमन का दिक्कत झेल रहे हैं।
मौसम विभाग ने सदर तहसील क्षेत्र में 42, धौरहरा में 12, निघासन में 20.4 और मोहम्मदी में 27 एमएम बारिश दर्ज की है। आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा सदर में बारिश हुई। शहर के विलोबी मैदान, कलक्ट्रेट, राजकीय इंटर कॉलेज आदि जगह जलभराव हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में हुए कीचड़ ने लोगों को परेशानी में डाल दिया। हालांकि फसलों की सिंचाई होने से किसानों ने राहत की सांस ली है। किसान बोले कि तेजी धूप की वजह से फसलों में लगातार पानी लगाना पड़ रहा था।
इधर, तेज हवा से शहर में कहीं 33 केवीए मेन लाइन में फॉल्ट हो गया तो कहीं तार टूटने व ट्रांसफाॅर्मर में खराबी आने से घंटों बिजली नहीं मिली। शहर के शरबती देवी कॉलोनी, पिपरिया, गोला रोड गणेशनगर, कनौजिया काॅलोनी, लालपुर बैरियर, बलदेव नगर, पटेल नगर, रामजानकीपुरम, रामनगर, देवकली रोड गांधीनगर, छाउछ, शिव कॉलोनी, राजगढ़, कमलापुर, सुमित्रा मैरिज लान, गोटैय्या बाग मस्जिद, सुआगाड़ा, हिदायत नगर, गंगोत्री नगर, प्यारेपुर में बिजली की पांच से सात घंटे तक समस्या बनी रही।
20 घंटे से अधिक बाधित रही आपूर्ति
अलीगंज। कस्बे सहित आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों में रविवार रात ही विद्युत आपूर्ति ठप हो गई, जो सोमवार दोपहर बाद तक बहाल नहीं हो सकी। इस कारण उपभोक्ताओं में काफी आक्रोश देखा गया। अलीगंज में ट्रिपिंग से लोग परेशान रहे। जेई शिवम कुमार ने बताया कि अलीगंज में लाइन ठीक है, जबकि मूड़ासवारान की लाइन में फॉल्ट है। दोपहर 2:30 बजे तक रोस्टिंग चल रही है। काम पूरा होने के बाद आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी। संवाद
गन्ना किसानों के चेहरे खिले
धौरहरा। तेज हवा के साथ हुई बारिश से गन्ना किसानों के चेहरे खिल गए, जबकि रविवार रात से सोमवार सुबह तक हुई झमाझम बारिश से केले की फसलें गिर गईं। इससे भारी नुकसान हुआ है। साथ ही कड़कड़ाती बिजली से लोग सहमे नजर आए। इधर, धौरहरा के परौरी फीडर के कफारा सहित सैकड़ों गांवों को 24 घंटे में महज चार घंटे ही आपूर्ति मिलने से लोग परेशान रहे। संवाद
-
रास्ते में जलभराव से बढ़ी समस्या
अलीगंज। बारिश से कई जगह जलभराव व कीचड़ होने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। कोरियाना मोहल्ले के देवदत्त के घर के पास राहगीरों को गंदे पानी से होकर निकलना पड़ रहा है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। नाली न होने से पानी का निकास नहीं हो पा रहा। राहगीर कई बार गिरकर चोटिल हो चुके हैं। संवाद
बारिश ने खोली सफाई व्यवस्था की पोल
बिजुआ। बारिश ने गांवों की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी है। नालियां चोक होने से गांवों में जलभराव हो गया। इससे लोगों का निकलना मुश्किल है। कीचड़ युक्त पानी घरों के अंदर तक जा रहा है। जहरीले कीड़ों को भी डर बढ़ गया, जो घरों में घुसने लगे। बिजुआ, बस्तौली, नोसरजोगी, भानपुर, रमेश्वरापुर, रामनगर, कांप, किसुनपुर, एलनगंज, जंगल नंबर सात आदि लगभग सभी गांवों का यही हाल है। ग्रामीणों ने नालियों की सफाई कराने की मांग की है। संवाद
-
कई गांवों में बिजली आपूर्ति लंबे समय से ठप
बिजुआ। बारिश के चलते सोमवार तड़के तीन बजे क्षेत्र के गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है। जेई रविशंकर प्रसाद ने बताया कि अधिकांश लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। स्टाफ लगा है और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य जारी है। शाम तक आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी। संवाद
मैगलगंज की मुख्य सड़क पर जलभराव
मैगलगंज। कस्बे व मुख्य सड़क पर पानी भरने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को कीचड़ और बदबू भरे पानी के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है, जिसके चलते कारोबार ठंडा रहा। इस समस्या की जड़ लोक निर्माण विभाग को माना जा रहा है। मुख्य मार्ग का निर्माण कार्य हाल ही में कराया गया, लेकिन सड़क का लेवल असमतल कर दिया गया, जिससे पानी निकलने की बजाय एकत्र होकर तालाब का रूप ले लेता है। जलभराव होने से डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया। संवाद
सफाई न होने से उफान पर नाले
खीरी टाउन। बारिश के चलते नाले ऊपर तक बजबजा गए हैं। सफाई न होने से यह हाल हुआ है। मुख्य मार्ग का पानी बाहर निकल नहीं पाया और नाले गंदे पानी से उफनाने लगे। नालों में पानी भर जाने से बाजार की कुछ दुकानों में पानी भी भर गया। संवाद
अघोषित कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त
निघासन। क्षेत्र में बिजली की आंख-मिचौली से दुकानदार, व्यापारी, छात्र, किसान और मरीज सभी परेशान हैं। बिजली संकट का सबसे अधिक असर गन्ना और धान की खेती पर पड़ रहा है। किसान बिजली के सहारे चलने वाले नलकूपों से सिंचाई करते हैं, लेकिन बिजली न होने से खेतों को पानी नहीं मिल पा रहा है। कस्बे के व्यापारी प्रदीप गुप्ता, मोनू दीक्षित, रकेहटी के जगत नारायण, संदीप, प्रदीप सहित कई लोगों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कहा कि न तो आपूर्ति का कोई निश्चित समय है और न ही शिकायत पर ध्यान दिया जाता। निघासन के अधिशासी अभियंता रवींद्र कुमार यादव ने कहा कि सभी फीडरों पर निर्धारित रोस्टर के अनुसार ही आपूर्ति दी जा रही है। फॉल्ट होने पर लाइनमैन भेजे जाते हैं। संवाद
अलीगंज के कोरियाना मोहल्ला के रास्ते पर भरा गंदा पानी। संवाद
अलीगंज के कोरियाना मोहल्ला के रास्ते पर भरा गंदा पानी। संवाद
अलीगंज के कोरियाना मोहल्ला के रास्ते पर भरा गंदा पानी। संवाद
अलीगंज के कोरियाना मोहल्ला के रास्ते पर भरा गंदा पानी। संवाद
अलीगंज के कोरियाना मोहल्ला के रास्ते पर भरा गंदा पानी। संवाद