लखीमपुर-खीरी। शहर और कस्बों में बनने वाली सड़कों व अन्य निर्माण कार्यों में अब लापरवाही और खेल नहीं चल पाएगा। नगर निकायों से कराए जाने वाले सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की सख्त निगरानी होगी। लगातार मिल रही जनशिकायतों और मीडिया रिपोर्ट्स को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने हर कार्य पर सतत निगरानी व्यवस्था लागू कर दी है। इसके तहत प्रत्येक नगर निकाय के लिए सहायक अभियंता नामित किए गए हैं।
डीएम के निर्देश पर नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों में कराए जाने वाले हॉट मिक्स प्लांट से डामरीकरण, सीसी सड़क निर्माण सहित सभी सिविल कार्यों की निगरानी के लिए एक-एक सहायक अभियंता तैनात किया जाएगा। ये अभियंता निर्माण कार्य की शुरुआत से लेकर अंतिम परत तक मौके पर मौजूद रहकर गुणवत्ता की जांच करेंगे।
विशेष रूप से हॉटमिक्स प्लांट से बनने वाली डामर सड़कों और सीसी रोड निर्माण में सामग्री तैयार होने के स्थल से लेकर कार्यस्थल पर सड़क बिछाए जाने तक पूरी प्रक्रिया अभियंता की निगरानी में होगी। किसी भी स्तर पर मानकों की अनदेखी पाए जाने पर सीधे कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही, मनमानी या मिलीभगत सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है।
डीएम ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड-1, 3 एवं प्रांतीय खंड) को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्रों के सभी नगरीय निकायों के लिए नामित सहायक अभियंताओं की सूची तत्काल उपलब्ध कराएं, ताकि निगरानी व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू की जा सके।