पलिया में कांग्रेस का प्रचार कर रही जीप को रोका, हिदायत देकर छोड़ा
प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होते ही प्रशासन सख्त हो गया। प्रशासन ने जिले भर में सार्वजनिक स्थानों पर लगे विभिन्न राजनीतिक दलों के पोस्टर-बैनर और होर्डिंग हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी। शहर में डीएम आकाशदीप और एसपी मनोज कुमार झा ने खुद खड़े होकर होर्डिंग हटवाए। उधर पलिया में कांग्रेस का झंडा लगाकार प्रचार कर रही जीप को तहसीलदार ने रोका और हिदायत देकर छोड़ दिया।
गोला गोकर्णनाथ। नगर के सदर, विकास, शिवम चौराहा, प्रमुख मार्गों बाईपास मोड़, दतेली मोड़ पर लगी राजनीतिक दलों, संगठनों की होर्डिगों को हटवा दिया। दोपहर बाद सीओ अशोक कुमार यादव के निर्देशन में कोतवाल संतोष कुमार तिवारी, एसएसआई सत्यप्रकाश यादव, तहसील के राजस्व निरीक्षक ज्ञानेंद्र शुक्ला सहित प्रशासन के अधिकारियों, कर्मचारियों ने नगर पालिका के कर्मचारियों को लेकर सदर चौराहे पर लगीं होर्डिंग, बैनर, झंडियों की झालर को उखाड़कर ट्रॉली में लाद लिया। यहां राजनीतिक पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने अपनी होर्डिंग स्वयं भी उतारीं।
मितौली। तहसीलदार आशुतोष गुप्ता के निर्देशन में मितौली क्षेत्र में राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग्स हटाए गए।
पलियाकलां। आचार संहिता लागू होने के बाद एसडीएम शादाब असलम, तहसीलदार भगवानदीन वर्मा, प्रभारी एसओ अरविंद शुक्ला, चैकी इंचार्ज जेके भदौरिया ने पुलिस बल के साथ स्टेशन रोड पर तहसील के सामने बैनर होर्डिंग हटाने की शुरुआत की। इसके बाद चौकी तिराहा होते हुए भीरा रोड पर चीनी मिल के आगे तक लगे बैनर होर्डिंगों को हटाया गया। उधर चैकी तिराहा की तरफ से कांग्रेस पार्टी का झंडा और लाउडस्पीकर लगाकर जा रही एक जीप को भी तहसीलदार भगवानदीन वर्मा ने रोक लिया। तहसीलदार ने चालक को सख्त हिदायत देते हुए जल्द से जल्द पार्टी का झंडा और लाउडस्पीकर उतारने के निर्देश दिए।
मोहम्मदी। बरवर चौराहे से गोला रोड, बरवर रोड, बस स्टैंड, रामलीला चौराहे, गुलौली रोड, शाहजहांपुर मार्ग सहित कई मार्गों पर अलग अलग दलों के लगे बैनर और होर्डिंग्स प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से हटाए गए।
निघासन। एसडीएम रामप्रकाश और तहसीलदार जगदीश सिंह ने दलबल के साथ सार्वजनिक स्थानों पर लगे होर्डिंग बैनर हटवाए।
गुलरिया। क्षेत्र मे लगीं होर्डिंग, बैनर उतरवा दिए।
मैगलगंज। विधानसभा चुनाव की तारीख घोषणा होने के बाद प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार सिंह ने पार्टियों के होर्डिंग उतरवाना शुरू कर दिया।
तिकुनियां। एसडीएम रामप्रकाश, सीओ उमाशंकर कोतवाल जयकरन सिंह ने होर्डिंग, बैनर, पोस्टर हटवाए।
बांकेगंज। स्थानीय पुलिस ने बुधवार दोपहर बाद अभियान चलाकर कस्बे की मेन मार्केट सहित सार्वजनिक स्थलों पर लगे होर्डिंग और बैनर उतरवा दिए। इस मौके पर पुलिस चौकी इंचार्ज केके यादव सहित पुलिस बल मौजूद रहा।