- सोमवार की सुबह आई आंधी-बारिश से टूटे तार, ब्रेकडाउन हुई 33 केवीए लाइन
- पानी की किल्लत से जूझे लोग, 100 से ज्यादा शिकायतें दर्ज
सोमवार की सुबह आई आंधी-बारिश से एक बार फिर से शहर की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। छाउछ में 33 केवीए लाइन ब्रेकडाउन होने से सुबह साढे़ सात बजे से साढ़े 10 बजे तक नई बस्ती उपकेंद्र पर सप्लाई बाधित रही। इससे आधे से ज्यादा शहर के मोहल्लों में दिन भर बिजली की सप्लाई बाधित रही। इससे दो दिन से बिजली किल्लत का सामना कर रहे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। नई बस्ती उपकेंद्र पर अलग-अलग मोहल्लों से 100 से ज्यादा उपभोक्ताओं की शिकायतें पेडिंग पड़ी हैैं, जिनका निस्तारण नहीं हो पा रहा है। क्योंकि सोमवार को सारा स्टाफ खंभे लगाकर तारों को जोड़ने के काम में जुटा रहा।
बताते चलें कि शुक्रवार की रात को आए आंधी-बारिश में शहर के ज्यादातर मोहल्लों में बिजली के पोल उखड़ गए थे। इसके बाद शनिवार और रविवार को काम करने के बावजूद बिजली विभाग सभी मोहल्लों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं कर पाया था। सोमवार की सुबह आई आंधी-बारिश से एक बार फिर बिजली व्यवस्था चरमरा गई। मोहल्ला महाराजनगर में मस्जिद वाली गली में तार टूटने से सैकड़ों घरों की बत्ती गुल हो गई, जबकि चकबंदी आफिस के पास तार टूटकर गिर गए। मोहल्ला आवास विकास कालोनी में ट्रांसफार्मर में खराबी आने से आपूर्ति बाधित हुई हैै। सप्लाई बाधित रहने के कारणों में लाइनों को सही करने के लिए उपकेंद्र से दिया जा रहा शटडाउन भी बड़ी वजह बना। इससे उपकेंद्र पर बिजली होने के बावजूद मोहल्लों में सप्लाई चालू नहीं हो सकी।
दो दिन पूर्व आई आंधी से खराब हुई लाइनों को दुरुस्त कर लिया गया था, लेकिन सोमवार को आंधी से कई मोहल्लों में बिजली के तार टूटने से आपूर्ति बाधित हुई है। 90 फीसदी लाइनें सही करा ली गई हैं। शेष मोहल्लों में भी देर रात तक आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
- रजनीकांत मिश्रा, अधिशाषी अभियंता